Friday, 11 October 2013

पासवान से बोलीं सोनिया गांधी, 'नहीं ले रही हूं 2016 में संन्यास'

कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजनीति से अपने संन्यास लेने की खबरों का खंडन किया है. सोनिया गांधी का 2016 में राजनीति से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है. एक किताब में ऐसे कयास लगाए गए थे. सोनिया गांधी ने शुक्रवार को खुद ये बात लोक जनशक्ति पार्टी के नेता राम विलास पासवान को बताई. एक मुलाकात के दौरान पासवान ने सोनिया गांधी से इस 'अफवाह' के बारे में पूछा.


एक किताब ने दावा किया था कि सोनिया 2016 में जब 70 वर्ष की हो जाएंगी, तो राजनीति से संन्यास ले लेंगी. सोनिया गांधी ने पासवान से इस बारे में कहा, 'मैंने ऐसा कभी नहीं कहा.'
उन्होंने बिहार के लक्ष्मणपुर बाथे में 16 साल पहले 58 दलितों के जनसंहार के सभी 26 अभियुक्तों के बरी होने के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की थी.
मुलाकात के दौरान पासवान ने सोनिया से आग्रह किया कि वह 2004 की ही तरह अगले लोकसभा चुनाव से पहले धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को एकजुट करें.
पासवान और सोनिया गांधी के बीच बैठक करीब 40 मिनट तक चली. पासवान ने कहा, 'मैंने उन्हें (सोनिया गांधी) को बताया कि बीजेपी कभी भी सत्ता में नहीं आएगी भले ही उसके पास शिवसेना और अकाली दल और अन्य कुछ पार्टियों का समर्थन हो. यूपीए एक बार फिर सत्ता हासिल करने में कामयाब होगा.'
पासवान ने कहा, ‘इस मामले में, उन्हें (सोनिया गांधी) तमाम धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को एकताबद्ध करना चाहिए.’
पासवान अपने बेटे चिराग के साथ सोनिया गांधी से मिले. राजनीति में अपने सफर की शुरुआत करने वाले चिराग को सोनिया ने शुभकामनाएं दीं.

No comments:

Post a Comment