Thursday, 17 October 2013

मनमोहन सरकार के कामकाज में सीधे 'दखल' देंगे राहुल

दागी सांसदों और विधायकों को बचाने वाले अध्यादेश की धज्जियां उड़ाकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पहले ही संकेत दिया था कि वे सरकार के कामकाज में दखल देने के मूड में हैं।

खास रणनीति के तहत यूपीए सरकार के कामकाज पर नजर रखने के लिए राहुल गांधी वरिष्ठ मंत्रियों के साथ खुद बैठक करेंगे। यह बैठक राहुल के कार्यालय 12 तुगलक लेन पर होगी।

इस बैठक में मुख्य रूप से कोर सेक्टर मसलन इनफ्रस्टाक्चर, इंडस्ट्री और मैनुफैक्चरिंग पर चर्चा होगी। बैठक में कांग्रेस के अन्य रणनीतिकार भी भाग लेंगे।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में कोर सेक्टर से जुड़े लंबित प्रोजेक्ट को शुरू करने और सरकार की सफलता को आगामी चुनाव में किस तरह जनता के बीच लाया जाए उस पर भी बातचीत होगी।

11 अक्टूबर को यूपीए सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड मंत्रियों ने राहुल गांधी को सौंपा था। राहुल और उनकी पार्टी हर हाल में चाहती है एक बार फिर केंद्र में यूपीए सरकार बने।

कांग्रेस के कुछ नेता पहले से ही मांग करते रहे हैं कि सरकार के कामकाज में राहुल बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कांग्रेस यूपीए सरकार की उपलब्धियों को आगामी लोकसभा चुनाव में भुनाना चाहती है।

No comments:

Post a Comment