Sunday, 13 October 2013

रतनगढ़ देवी मंदिर में भगदड़, लाशों का लगा ढेर

मध्य प्रदेश के दतिया के रतनगढ़ देवी मंदिर में दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूरी करने का सपना लेकर निकले उन लोगों को जरा भी अंदाज नहीं था कि अब वे जीवित घर नहीं लौटेंगे।

नवमी के मौके पर हुई भगदड़ में पुलिस ने भले ही अब तक 90 लोगों के मरने की पुष्टि की है लेकिन यह संख्या 200 तक चली जाए तो कोई आश्चर्य नहीं।

घबराहट और भगदड़ में सिंध नदी में गिरे लोगों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। चश्मदीद का कहना है कि नदी में गिरने वालों की बड़ी तादाद हो सकती है।

सरकार ने अभी तो वर्ष 2006 के भयानक हादसे की न्यायिक जांच पर भी कार्रवाई नहीं की थी कि यह एक और भयानक हादसा हो गया है। जिसमें महिलाएं, बच्चे और बूढ़े सबसे ज्यादा शिकार बने।

देखिए, रतनगढ़ देवी मंदिर में भगदड़ की तस्वीरें
सिंध नदी के पुल गिरने की अफवाह से मची यह भगदड़ पुलिस प्रशासन की भारी विफलता का नमूना है। नदी में गिरकर मलने वालों का अब तक कोई पता नहीं लगाया जा सका है। मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।

कांग्रेस के पूर्व मंत्री और दतिया के प्रभारी सत्यदेव कटारे ने आरोप लगाया है कि एक भाजपा नेता की गाड़ी के लिए रास्ता खाली कराया जा रहा था और पुलिस पैसे लेकर गाड़ियों को अंदर जाने दे रही थी। उससे अफरा-तफरी मची और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ हुई।

सरकार ने क्या किया

डीआईजी पुलिस ने अब तक 90 लोगों के मरने की पुष्टि की है। मृतकों की सूची तैयार करके लाशें विसरा के लिए भेज दी गई हैं। ग्वालियर से 50 मेडिकल विशेषज्ञों की टीम दतिया पहुंच गई है। घायलों को भी ग्वालियर के ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा है।

चुनाव आयोग की अनुमति के बाद सरकार ने मृतकों के परिवार को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।

संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया पहुंच गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रोटोकाल अधिकारी ने पुष्टि की है कि अब तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कोई तब्दीली नहीं है। फिर भी वह सोमवार को दतिया जा सकते हैं। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के अनुसार दशहरे पर शस्त्रपूजा करनी है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती सोमवार को दतिया पहुंच रही हैं।

सिंधिया ने स्थगित किए कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के कैंपेनर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सोमवार के दशहरे के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वह सोमवार को दतिया पहुंचेंगे।

सत्यदेव कटारे ने बताया कि वह स्वयं दतिया जा रहे हैं। कटारे ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता की गाड़ी को निकालने के लिए पुलिस बलप्रयोग कर रही थी।

कटारे ने कहा, 'वर्ष 2006 में भी यहां भगदड़ की घटना हुई थी, जिसकी न्यायिक जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन इस सरकार ने उसकी सुझावों और सजा देने की सिफारिशों को कैबिनेट की बैठक तक में नहीं रखा।'

कैसे हुई दुर्घटना
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिंध नदी पर बना पुल टूटने की अफवाह के बाद भगदड़ मच गई। लोग पुल के दोनों तरफ बेतहाशा भागने लगे।

घबराहट में लोगों ने एक दूसरे को कुचलना शुरू कर दिया। कुछ मिनटों में ही वहां लाशों के ढेर नजर आने लगे थे। उसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे हालात और ज्यादा खराब हो गए।

राहत और राजनीति
घटना के बाद जाम में करीब 40-50 हजार लोग फंस गए थे। नाराज श्रद्धालुओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया व एस़डीओ पुलिस की पिटाई भी कर दी। वहां तनाव फैल गया था। यह भगदड़ पुलिस लाठीचार्ज होने के बाद मची।

सरकार ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है जिसे चुनाव आयोग ने मंजूरी दे दी है। कांग्रेस ने मुआवजे की राशि 5-5 लाख रुपए करने की मांग की है।

चुनाव आयोग ने यह शर्त लगाई है कि सहायता का श्रेय कोई भी नेता या दल नहीं लेगा। मुआवजे का वितरण संभागीय आयुक्त करेंगे। राज्यपाल ने भी हरसंभव मदद वहां पहुंचाने के आदेश दिए हैं।

यूपी और राजस्थान के लोग भी
रतनगढ़ मंदिर में मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के भी दर्शनार्थी आते हैं। यह मंदिर मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश सीमा के काफी करीब है। जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।

रतनगढ़ हादसे के मृतकों की सूचीः
रामलला (8) पुत्र हरदेव सिंह, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
साक्षी (7) पुत्री हरपाल सिंह, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
डमरू (60) पुत्र गंजू बरार (गांव का चौकीदार) निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
मटो (50) पत्नी बद्री प्रसाद कोरी, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
कैलाशी (45) पत्नी लालाराम, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
मानवेंद्र (12) पुत्र किशोरी, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
लीलावती (40) पत्नी विमलेश, निवासी साकिन, थाना समथर, झांसी
सुमन (30) पत्नी रमेश सेन निवासी परसोंदा गुर्जर, जिला दतिया
श्याम लाल (40) पुत्र जमुना दास बसोर निवासी लोहर, कालपी, जिला जालौन
मिथला देवी (62) पत्नी स्व. भानसिंह निवासी समथर जिला झांसी
अनिकेश (8) पुत्र रामेंद्र राव निवासी इंदरगढ़ जिला दतिया
सानी (37) पत्नी अरविंद पटेल निवासी सिमरिया, कोंच जिला जालौन
ज्योति (10) पुत्री राकेश केवट निवासी बड़सूला, जिला दतिया
नेहा (10) पुत्री मोहन सिंह दोहरे निवासी मानपुरा जिला जालौन
सोनम (12) पुत्री छेतराम दोहरे निवासी मानपुरा जिला जालौन
रश्मि (15) पुत्री श्याम सिंह राजपूत निवासी बिजौली जिला झांसी
रामकिशोर (52) पुत्र भालूराम निवासी सिजौरा, जिला दतिया
नथिया, पति व पता अज्ञात
सुखवती (35) पत्नी हरी कुशवाहा निवासी डोगरपुर जिला दतिया
कौशल्या (35) पत्नी कनई अहिरवार निवासी जिला झांसी
सुनीता (35) पत्नी भवानी निवासी जोनिया जिला दतिया
धनकू (60) पत्नी कमल निवासी अज्ञात
बलराम (60) पुत्र परमोले निवासी जालौन
पूनम (10) व गायत्री (12) पुत्री कप्तान सिंह निवासी शिवपुरी
शिवम (10) पुत्र अमर सिंह निवासी शिवपुरी
सुखीलाल (30) पुत्र प्रेमनारायण साहू निवासी जतावली झांसी
अमित (2) पुत्र बल्लू साहू निवासी जतावली झांसी
सेवक पुत्र निवासी नौबई जिला दतिया
शांति (35) पत्नी कल्लू निवासी बोहारा जिला दतिया
सरिता (18) निवासी बोहारा, जिला दतिया
दीपक (13) पुत्र अनंत राम जिला दतिया

No comments:

Post a Comment